जमशेदपुर में खरकई नदी से नवजात का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर: जमशेदपुर में बुधवार को खरकई नदी से एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव बागबेड़ा स्थित बड़ौदा घाट के पास नदी किनारे पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी उस समय हुई जब नदी में नहाने पहुंचे कुछ लोगों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सरायकेला बॉर्डर के पास मिला शव

सूचना मिलते ही  बागबेड़ा थाना पुलिस की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र से सटा होने के कारण आरआईटी थाना पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें: भूषण बाड़ा को हाईकोर्ट से झटका, एमपी-एमएलए कोर्ट में जारी रहेगी सुनवाई

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

पुलिस के अनुसार शव नवजात शिशु का प्रतीत हो रहा है। हालांकि शव की स्थिति खराब होने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शिशु का जन्म हाल में हुआ था या कुछ समय पहले। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की उम्र और मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

नदी में बहकर आने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस यह मानकर चल रही है कि शव नदी के बहाव के साथ किसी दूसरे स्थान से यहां तक पहुंचा हो सकता है। शव जिस स्थिति में मिला है, उससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि उसे कहीं और से नदी में फेंका गया होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में नवजात जन्म, लापता बच्चे या संदिग्ध घटनाओं से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें