जमशेदपुर में महिला से पर्स छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, CCTV जांच में जुटी पुलिस

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से पर्स छीनकर फरार होने की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में नाराजगी का माहौल है। यह वारदात महावीर कॉलोनी इलाके में रविवार शाम हुई। पीड़िता की पहचान गीता पंडित के रूप में हुई है, जो जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित जेकेएस सोसायटी की निवासी हैं। उन्होंने मानगो थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

घर लौटने के दौरान हुई छिनतई

शिकायत के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे गीता पंडित इंटरनेशनल स्कूल गली से होकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर महिला के हाथ से पर्स छीन लिया और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता के मुताबिक, पर्स में नकदी, मोबाइल फोन और कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तब तक काफी दूर निकल चुके थे।

यह भी पढ़ें: NEET पेपर लीक मामले पर जमशेदपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

संबंधित खबरें