जमशेदपुर में खड़ी तीन बसों में लगी भीषण आग, दो बसें जलकर राख

Rupa Kumari | May 18, 2026 | 11:31 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित ओलिडीह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बड़ा अग्निकांड हुआ। शंकोसाई रोड नंबर-1 में खड़ी तीन बसों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते दो बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि एक बस को आंशिक नुकसान पहुंचा। घटना के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी देर तक अभियान चलाकर आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि तब तक दो बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। तीसरी बस को समय रहते बचा लिया गया, लेकिन उसे भी आंशिक नुकसान हुआ है। आग की तेज लपटों की चपेट में इलाके के मुख्य बिजली केबल भी आ गए। केबल जलने से आसपास के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को रातभर परेशानी झेलनी पड़ी। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अंधेरा पसरा रहा।

यह भी पढ़ें: JSSC में 611 पदों पर भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू

साजिश की आशंका, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग किसी असामाजिक तत्व ने लगाई हो सकती है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की असली वजह का जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें