Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित बाराद्वारी इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला चेन स्नैचिंग का शिकार हो गई। बाइक सवार बदमाश महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में नाराजगी का माहौल है।
बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, महिमा नामक महिला अपनी मित्र आरती झा के साथ सुबह टहलने निकली थीं। दोनों जब सोनी सर्विस सेंटर के पास पहुंचीं, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिमा के गले से चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तेजी से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना के बाद मचा हड़कंप
चेन छिनतई की घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़िता सदमे में है। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ती छिनतई की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : झारखंड में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली में भाजपा सांसदों का प्रदर्शन

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

