झारखंड में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दिल्ली में भाजपा सांसदों का प्रदर्शन

Meenu | August 13, 2026 | 12:02 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा सांसदों ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रदर्शन किया। सांसदों ने संसद भवन परिसर के मकर द्वार पर प्रदर्शन करते हुए झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने किया। भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई कर सरकार उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

यह भी पढ़ें : पश्चिमी सिंहभूम जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय की जांच की मांग, बैरम खान ने अधिकारियों को भेजा ज्ञापन

छात्रों की मांगों पर बातचीत की मांग

भाजपा सांसदों ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना छात्रों का अधिकार है। उनका आरोप है कि छात्रों के आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ हुए कथित व्यवहार का विरोध करती है। उन्होंने सरकार से छात्रों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने कांग्रेस और राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ओर युवाओं और छात्रों के अधिकारों की बात करती है, लेकिन झारखंड में छात्रों पर हुई कार्रवाई के मामले में उसका रुख स्पष्ट नहीं है। भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए छात्रों के मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की। सांसदों ने दोहराया कि छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों का समाधान बातचीत और संवाद के जरिए किया जाना चाहिए।

Share this news

संबंधित खबरें