पूर्व छात्र नेता नाजिया तबस्सुम ने अनशनकारी छात्रों से की मुलाकात, कहा- अनशन खत्म कर लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखें आंदोलन

Rupa Kumari | August 13, 2026 | 04:23 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व संयुक्त सचिव नाजिया तबस्सुम ने गुरुवार को सदर अस्पताल पहुंचकर इलाजरत अनशनकारी छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अनशन समाप्त करने और अपनी लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाने की अपील की। पिछले दस दिनों से अभ्यर्थी जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली, पैसे और पैरवी के आरोपों की जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। कई छात्र अनशन पर बैठे थे, जिनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

झारखंड छात्र संघ ने दिया समर्थन

मुलाकात के दौरान नाजिया तबस्सुम ने कहा कि झारखंड के छात्रों द्वारा चलाए जा रहे इस आंदोलन को झारखंड छात्र संघ का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने बताया कि छात्रों की मांगों से संबंधित ज्ञापन चार सदस्यीय मंत्रिमंडलीय समिति को सौंपा जा चुका है, जिसमें जांच, कार्रवाई और व्यवस्था में सुधार की मांग शामिल है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने आंदोलनरत छात्रों की कई मांगों को स्वीकार किया है, जिसे आंदोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाना चाहिए। नाजिया ने छात्रों से संयम बनाए रखने और लोकतांत्रिक माध्यमों से अपनी मांगों को आगे बढ़ाने की अपील की।

सीजीएल परीक्षा और नियुक्तियों की जांच की मांग

जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को लेकर नाजिया तबस्सुम ने कहा कि सीआईडी जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उन सभी लोगों की सेवाएं समाप्त की जानी चाहिए, जिनकी नियुक्ति में कथित रूप से अनुचित पैरवी या अनियमितता की बात सामने आई है। उन्होंने पूरे मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) या हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की निगरानी में कराने की मांग की। साथ ही सरकार से 90 दिनों के भीतर जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें : कोयला घोटाला जांच में ईडी का बड़ा एक्शन, एलबी सिंह की पत्नी समेत पांच लोगों को समन

स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण

नाजिया तबस्सुम ने कहा कि छात्रों की मांगें महत्वपूर्ण हैं, लेकिन आंदोलन में शामिल अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि आंदोलन को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, लेकिन इसके लिए छात्रों का स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने अनशनकारी छात्रों से अनशन समाप्त कर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीकों से अपनी लड़ाई जारी रखने की अपील की। साथ ही जेपीएससी, जेएसएससी और टीडीपीएल एजेंसी से जुड़ी सभी नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

Share this news

संबंधित खबरें