Samachar Post रिपोर्टर,रांची : ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेला 2026 के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर झारखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, मेला समिति के सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : पलामू में अनोखी पहल: गीत गाकर SIR अभियान का संदेश दे रहे अंचलाधिकारी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर DGP के सख्त निर्देश
डीजीपी तदाशा मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रथ मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंदिर परिसर, रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद डीजीपी ने रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष योजना
रथ मेले के दौरान शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक एसपी को विशेष रूट चार्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही भारी वाहनों के प्रवेश के लिए समय निर्धारित करने, पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने तथा वहां पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
हेल्प डेस्क और मेडिकल कैंप लगाने का सुझाव
डीजीपी ने मेला समिति और स्थानीय लोगों से बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में हेल्प डेस्क, चिकित्सा शिविर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया, ताकि आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Reporter | Samachar Post

