- रांची के JSCA स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होगा भारत-वेस्टइंडीज का दूसरा टी-20 मुकाबला
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैच के टिकट खरीदने के लिए सोमवार को धुर्वा स्थित स्टेडियम के टिकट काउंटरों पर सुबह से ही भारी भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि टिकट खरीदने के लिए 5 हजार से अधिक क्रिकेट प्रेमी कतार में खड़े नजर आए। कई दर्शक रात दो बजे से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, जबकि बड़ी संख्या में लोग सुबह पांच-छह बजे से लाइन में लग गए थे।
महिलाओं और छात्राओं में भी दिखा उत्साह
टिकट काउंटरों के बाहर पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं और छात्राओं की भी लंबी कतारें देखने को मिलीं। घंटों इंतजार के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर वे काफी उत्साहित हैं और किसी भी कीमत पर मैच का हिस्सा बनना चाहते हैं। जेएससीए के निर्धारित नियमों के अनुसार, टिकट काउंटर से एक व्यक्ति को अधिकतम दो टिकट ही दिए जा रहे हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक दर्शकों को टिकट उपलब्ध कराना और कालाबाजारी पर रोक लगाना है।

सुरक्षा के लिए तैनात किए गए अतिरिक्त बल
भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए टिकट काउंटरों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से मजबूत बैरिकेडिंग भी की गई है, ताकि कतारें व्यवस्थित रहें और टिकट बिक्री प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके। भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले को लेकर राजधानी रांची में क्रिकेट का उत्साह चरम पर है और टिकट बिक्री केंद्रों पर जुटी भीड़ इसकी गवाही दे रही है।




















