हजारीबाग में महुआ शराब बनाने के दौरान हादसा, जहरीली गैस से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

Rupa Kumari | May 27, 2026 | 10:56 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित कुद गांव में महुआ शराब बनाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, परिवार लंबे समय से घर में महुआ शराब बनाने का काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि शराब तैयार करने के लिए एक सेफ्टी टैंक का इस्तेमाल किया जा रहा था। मंगलवार सुबह टैंक से शराब निकालने के दौरान उसमें जहरीली गैस भर गई, जिसकी चपेट में आने से तीनों लोग बेहोश होकर गिर पड़े।

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को इलाज के लिए कटकमसांडी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उनकी हालत गंभीर होने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और लंबे समय से महुआ शराब बनाने के काम से जुड़े हुए थे। हादसे के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें: धनबाद में मिठाई दुकान में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में जहरीली गैस बनने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टैंक में गैस कैसे बनी और हादसे की असली वजह क्या थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि रोजमर्रा का काम इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें