Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग : भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हजारीबाग के चौपारण प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। 16 जुलाई को निकलने वाली ऐतिहासिक रथयात्रा के मद्देनजर बिरहोर बाजार में लगने वाला साप्ताहिक हाट स्थगित रहेगा। साथ ही मांस, मछली और शराब की बिक्री पर भी पूरे दिन प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन और पुलिस की टीम ने बिरहोर बाजार क्षेत्र में माइकिंग के माध्यम से दुकानदारों, वाहन चालकों और आम लोगों को नए निर्देशों की जानकारी दी। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि रथयात्रा चौथी मोड़ से शुरू होकर बिरहोर बाजार होते हुए चौपारण जगन्नाथ मंदिर तक जाएगी। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, रिम्स-2 परियोजना पर हुई चर्चा
दुकान, ठेला और पार्किंग पर भी रहेगी रोक
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 16 जुलाई को रथयात्रा मार्ग के दोनों ओर किसी भी प्रकार की दुकान, ठेला, अस्थायी अतिक्रमण या वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रथयात्रा समिति के अनुसार, गुरुवार को बिरहोर बाजार में साप्ताहिक हाट लगने से हजारों लोगों की भीड़ जुटती है। इसी को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाट स्थगित करने तथा मांस, मछली और शराब की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

16 से 18 जुलाई तक चलेगा रथयात्रा महोत्सव
रथयात्रा समिति के सचिव राजदेव यादव और संयोजक अभिषेक सिंह ने बताया कि 16 से 18 जुलाई तक तीन दिवसीय रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ऐतिहासिक बिरहोर बाजार और हनुमान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रथयात्रा निकाली जाएगी। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने दुकानदारों, व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग करें।

Reporter | Samachar Post

