Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : जिले में जनगणना कार्यों को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में जबरा स्थित पंचायत प्रमंडल प्रशिक्षण केंद्र में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता महेंद्र छोटन उरांव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उपायुक्त सह जिला जनगणना पदाधिकारी हेमंत सती के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय, झारखंड रांची के सहायक निदेशक ज्ञान चन्द महतो और जिला समन्वयक नीरज कुमार साहू मास्टर प्रशिक्षक के रूप में शामिल हुए।
जनगणना प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की दी जा रही जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मियों को जनगणना कार्यों के सुचारू संचालन, निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही जनगणना से जुड़े विभिन्न कार्यों के व्यावहारिक पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जनगणना कार्य में लगे कर्मियों को आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराना है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन व्यवस्थित तरीके से कर सकें।
विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना पदाधिकारी, बरही के अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल जनगणना पदाधिकारी, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज जनगणना पदाधिकारी और अपर चार्ज जनगणना पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा जिला स्तरीय तकनीकी कोषांग, जनगणना कोषांग के अधिकारी-कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर भी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
दो दिनों तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान जनगणना से संबंधित आवश्यक तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों और कर्मियों को तैयार करना है।





















