गुमला में रामनवमी जुलूस के दौरान घर से चोरी, गहने और नकद उड़ाए गए

Meenu | March 28, 2026 | 03:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :रामनवमी की रात गुमला के लक्ष्मण नगर इलाके में चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी। सदर प्रखंड के इस क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर गहने और नकद चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार जुलूस देखने गया था। जानकारी के अनुसार चोरी का शिकार मोहन महतो का घर है, जो सब्जी विक्रेता हैं। शुक्रवार और शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सामान खंगाल दिया। सुबह परिवार के लौटने पर पूरे घर का नजारा देखकर लोग दंग रह गए।

यह भी पढ़ें :पलामू में रामनवमी पर डीजे की तेज आवाज बनी मुसीबत, महिला की तबीयत बिगड़ी और होटल के शीशे टूटे

गहने और नकद ले उड़े चोर

मोहन महतो की पत्नी संध्या देवी ने बताया कि चोरों ने घर से चांदी की पायल, बिछिया, सोने का मांग टीका, नथनी और अन्य गहने चुरा लिए। इसके अलावा पर्स में रखे 15,000 रुपये और गुल्लक में जमा करीब 5,000 रुपये भी चोरी हो गए। कुल मिलाकर लगभग 50,000 रुपये की संपत्ति चोरों ने ले ली। पूरे परिवार ने रामनवमी की शोभायात्रा देखने के लिए घर बंद किया था। इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। संध्या देवी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोग बता रहे हैं कि हाल ही में बंद घरों को निशाना बनाने की चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। युवाओं में बढ़ती नशाखोरी को भी ऐसे मामलों का कारण माना जा रहा है।

सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। लोग पुलिस से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें