मूसलाधार बारिश से ढहा कच्चा मकान, मलबे में दबकर दंपती समेत मासूम घायल

Rupa Kumari | July 11, 2026 | 04:47 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित बसंतपुर टोली में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए आफत बन गई। शुक्रवार देर रात मूसलाधार बारिश के बीच एक मिट्टी का घर अचानक ढह गया, जिससे घर में सो रहे दंपती और उनका पांच वर्षीय पुत्र मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, बसंतपुर टोली निवासी 55 वर्षीय प्रसतन रौतिया अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात करीब एक बजे लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय घर में प्रसतन रौतिया, उनकी पत्नी 50 वर्षीय टेनी देवी और पांच वर्षीय पुत्र ऋतिक सिंह मौजूद थे। मकान गिरते ही तीनों मलबे में दब गए।

ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

घर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई के कारण गंभीर स्थिति बनने से पहले ही सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मासूम की हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर

घटना में पांच वर्षीय ऋतिक सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है। वहीं उसके माता-पिता को भी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों की निगरानी में बच्चे का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद बेंदोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार का हालचाल जाना। उन्होंने तत्काल राहत के तौर पर परिवार को एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

यह भी पढ़ें: फेसबुक पर हुई दोस्ती पड़ी महंगी, महंगे गिफ्ट का लालच देकर महिला से 5 लाख रुपये की साइबर ठगी

जर्जर मकानों को लेकर बढ़ी चिंता

लगातार हो रही बारिश के बीच इस घटना ने क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा, राहत सामग्री और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही लोगों से बारिश के मौसम में जर्जर मकानों में रहने से बचने और किसी भी खतरे की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की गई है।

Share this news

संबंधित खबरें