आज से GST बचत उत्सव: नई दरें लागू, खाने-पीने से लेकर गाड़ियों तक सस्ते हुए सैकड़ों सामान

Samachar Post डेस्क, रांची : शारदीय नवरात्रि 2025 की शुरुआत के साथ ही देशभर में आज से जीएसटी बचत उत्सव भी शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में इस घोषणा की थी, जबकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहले ही साफ किया था कि 22 सितंबर से जीएसटी रिफॉर्म्स लागू होंगे।

नई व्यवस्था के तहत अब केवल दो जीएसटी स्लैब – 5% और 18% ही लागू होंगे। करीब 375 वस्तुओं और सेवाओं पर टैक्स घटाया गया है, जिससे दैनिक जरूरत की चीजें, डेयरी प्रॉडक्ट्स, कपड़े, जूते, दवाइयां, बीमा से लेकर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स तक कई सामान सस्ते हो गए हैं। हालांकि कुछ चीजों पर टैक्स में बढ़ोतरी भी हुई है।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा: झगड़े के बाद पत्नी ने चाकू मारकर की पति की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दरों से जनता को राहत

नई दरों से विशेष रूप से निम्न और मध्यम वर्ग, किसानों और छोटे उद्यमियों को राहत मिलेगी।

  • खाद्य पदार्थ : आटा, चावल, दाल, बिस्कुट और नमकीन अब केवल 5% स्लैब में।
  • रोजमर्रा का सामान : साबुन, तेल, टूथपेस्ट, डिटर्जेंट और शैम्पू पर टैक्स 18% से घटकर 5%।
  • कपड़े और जूते : अब केवल 5% टैक्स, पहले 12-18% था।
  • इलेक्ट्रॉनिक्स : टीवी, एसी, फ्रिज पर टैक्स 28% से घटकर 18%।
  • दवाइयां : 33 जीवनरक्षक दवाओं को जीरो टैक्स स्लैब में लाया गया।
  • बीमा : जीवन और स्वास्थ्य बीमा अब पूरी तरह करमुक्त।
  • वाहन : कार और बाइक पर टैक्स 28% से घटकर 18%।

कार-बाइक से लेकर लक्ज़री वाहन तक सस्ते

दोपहिया वाहन 15 से 20 हजार रुपये तक सस्ते, छोटी कारें और हैचबैक 70 हजार से 1.5 लाख रुपये तक सस्ती, प्रीमियम एसयूवी 1.25 से 2.5 लाख रुपये तक सस्ती, लग्जरी कारों की कीमतों में 3.5 से 30.5 लाख रुपये तक की कटौती

बीमा और स्वास्थ्य पर राहत

जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी पूरी तरह हटा दिया गया है। इससे बीमा कराने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

नई दरें रविवार रात 12 बजे से लागू हो चुकी हैं और आज से लोग इसका लाभ उठा रहे हैं। सरकार को उम्मीद है कि त्योहारी सीजन में इससे खरीदारी में बड़ी बढ़ोतरी होगी।

Share this news

संबंधित खबरें