पंचायतों को मेगा फंडिंग, मंत्री दीपिका पांडेय बोलीं- मजदूरों के हक से नहीं होगा समझौता

Rupa Kumari | April 11, 2026 | 03:41 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा: दीपिका पांडेय सिंह ने महागामा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा कि राज्य सरकार पंचायतों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अब पंचायतों को पहले की तुलना में कहीं अधिक राशि मिल रही है। जहां पहले 5 से 10 लाख रुपये में योजनाएं चलती थीं, अब 50 लाख रुपये से अधिक की लागत से विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। मंत्री ने मनरेगा योजना को कमजोर करने की कोशिशों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मजदूरों को काम से दूर करने की कोशिश हो रही है, लेकिन राज्य सरकार केंद्र से बकाया राशि दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि श्रमिकों को उनका हक मिल सके।

पोखर में गार्डवॉल निर्माण का शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मेहरमा प्रखंड के सिमानपुर पंचायत स्थित खट्टी गांव में दुर्गा स्थान के पास पोखर में गार्डवॉल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इससे जलभराव और कटाव की समस्या कम होने की उम्मीद जताई गई। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में जल्द बेहतर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए भी कई योजनाएं चल रही हैं। लकड़मारा दह की खुदाई पूरी हो चुकी है और अन्य जल स्रोतों के विकास की योजना बनाई जा रही है।

यह भी पढ़ें:पलामू ट्रेजरी विवाद पर विराम, जांच में नहीं मिली गड़बड़ी; संदिग्ध खातों को क्लीनचिट

सड़क और खेती दोनों को फायदा

उन्होंने कहा कि पुराने नालों का जीर्णोद्धार कर जल प्रवाह सुधारा जाएगा, जिससे किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगा। साथ ही मुख्य सड़कों से गांवों को जोड़ने वाली जर्जर सड़कों की मरम्मत और निर्माण भी प्राथमिकता में है।

मजदूरों के अधिकारों की रक्षा का भरोसा

मंत्री ने दोहराया कि मनरेगा मजदूरों के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। पंचायत स्तर पर विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

Share this news

संबंधित खबरें