गिरिडीह: 48 घंटे बाद भी खदान में डूबी महिला का नहीं मिला सुराग, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Rupa Kumari | August 13, 2026 | 02:08 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र स्थित तारापुर की बंद पत्थर खदान में डूबी 55 वर्षीय सावनी मंझियान का 48 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। प्रशासन और राहत-बचाव टीम लगातार खोज अभियान चला रही है, लेकिन खदान के गहरे पानी में महिला का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। इस स्थिति से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन

महिला की तलाश में हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार सुबह पटना चौक पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और प्रशासन से महिला को जल्द खोज निकालने की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर प्रभारी अंचल अधिकारी (सीओ) अभिषेक कुमार और थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और दोपहर तक राहत-बचाव टीम के पहुंचने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त हुआ।

नाव और जाल की मदद से चला सर्च ऑपरेशन

दोपहर करीब दो बजे जिला स्तर की राहत-बचाव टीम बंद पत्थर खदान पहुंची और खोज अभियान शुरू किया। टीम ने नाव के सहारे खदान के गहरे पानी में उतरकर महिला की तलाश की। तैराकों ने कई घंटों तक अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की और जाल डालकर भी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अभियान के दौरान सीओ अभिषेक कुमार, थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार, पुलिस बल, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा में शराब तस्करी का भंडाफोड़, बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार

लकड़ी बेचने निकली थी महिला

जानकारी के अनुसार, लोरिया गांव निवासी सावनी मंझियान सोमवार सुबह घर से लकड़ी बेचने के लिए निकली थी। लौटने के दौरान वह तारापुर स्थित बंद पत्थर खदान के पास पहुंची, जहां खदान में भरे गहरे पानी में डूब गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में समा गई। घटना के बाद से लगातार खोज अभियान जारी है, लेकिन 48 घंटे बीत जाने के बावजूद महिला का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंद खदानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खोज अभियान में तेजी लाने की मांग की है। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें