गिरिडीह में SIR-2026 अभियान तेज, अधिकारियों ने किया डोर-टू-डोर निरीक्षण

Meenu | July 12, 2026 | 05:25 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन मिशन मोड में जुट गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर रविवार को जिले के सभी प्रखंडों में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया।

यह भी पढ़ें : रांची में 55 करोड़ रुपये के भुगतान पर सियासत तेज, BJP ने न्यायिक जांच की मांग उठाई

घर-घर पहुंचकर परखी गई प्रगति

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) और BLO सुपरवाइजरों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और ऑनलाइन डिजिटाइजेशन की स्थिति का मौके पर सत्यापन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आज ही शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के निर्देश

जिला प्रशासन ने सभी BLO और सुपरवाइजरों को निर्देश दिया है कि गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन हर हाल में निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही ऑनलाइन अपलोड के दौरान गुणवत्ता, शुद्धता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर देने को कहा गया है। SIR-2026 अभियान का उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण सही तरीके से दर्ज हो और किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति न रहे।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण अभियान में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा अन्य नामित अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में पहुंचे और कार्यों की समीक्षा की। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के सफल क्रियान्वयन से जिले की मतदाता सूची अधिक सटीक, अद्यतन और विश्वसनीय बनेगी, जिससे आगामी चुनावों में पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Share this news

संबंधित खबरें