Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत गिरिडीह जिले में मतदाता सूची के अद्यतन और शुद्धिकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के नेतृत्व में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : डिमना लेक के पास महिला से सामूहिक दुष्कर्म, छह घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार
घर-घर पहुंच रहे BLO, मतदाताओं से मांगा जा रहा सहयोग
अभियान को सफल बनाने के लिए निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) और अन्य वरीय अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं और भरे हुए प्रपत्र एकत्रित भी कर रहे हैं। इस दौरान मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की भी जानकारी दी जा रही है। जिला प्रशासन ने प्राप्त गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य को प्राथमिकता दी है, ताकि मतदाता सूची का अद्यतन कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके। अभियान की नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रत्येक चरण की गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

डीसी ने मतदाताओं से की सहयोग की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने क्षेत्र के बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) को समय पर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि SIR-2026 अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुनिश्चित किया जा सके।

Reporter | Samachar Post

