शादी की तैयारियों के बीच गिरिडीह में बड़ी चोरी, नकदी-जेवरात समेत लाखों पर हाथ साफ

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : गिरिडीह जिले में शादी की खुशियों के बीच चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मटरूखा के टोला मोहलीटांड़ में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर नकदी और जेवरात समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

विवाह की खुशियों के बीच चोरी की बड़ी वारदात

जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी मोहन राय के घर मई माह में बेटी की शादी प्रस्तावित है, जिसे लेकर तैयारियां चल रही थीं। शादी के लिए रखी गई नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती बर्तन अलमारियों व बक्सों में सुरक्षित थे। इसी दौरान चोरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों के सोने वाले कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके।

यह भी पढ़ें: धनबाद पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, दिवंगत डॉ बुद्धदेव महतो को दी श्रद्धांजलि

खुशियों से पहले सदमा, परिजन सदमे में

इसके बाद चोरों ने नकदी और जेवरात वाले कमरे का ताला तोड़ दिया। बक्सों और अलमारियों से करीब दो लाख रुपये नकद, लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान समेटकर चोर फरार हो गए। गुरुवार सुबह परिजनों की नींद खुली तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर चोरी का खुलासा हुआ। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि बेटी की शादी से पहले हुई यह वारदात उनके लिए आर्थिक और मानसिक रूप से बड़ा झटका है।

संबंधित खबरें