Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले में देर रात एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय रोहित सिंह राठौर की मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के नेताजी चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार रोहित बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित बाइक समेत गिर पड़े और पास से गुजर रहे एक लोडेड ट्रक के नीचे आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालक हादसे के बाद फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि रोहित की बाइक पहले ट्रेलर से टकराती है और फिर पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर रोहित ट्रक के पहियों में फंस गए। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा और ट्रेलर चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
यह भी पढ़ें :शेयर बाजार में सेंसेक्स- निफ्टी फिसले, वैश्विक संकेत कमजोर; निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह
तेज रफ्तार वाहनों और प्रशासन की लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में तेज रफ्तार वाहनों और प्रशासन की लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। नो-एंट्री हटने के बाद से भारी वाहनों का आवागमन बढ़ गया है और चालक तेज रफ्तार में गुजरते हैं। एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी कौशर अली, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन और पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाया और जाम हटाकर यातायात बहाल किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पूरे इलाके में हादसे को लेकर शोक की लहर है।



















