Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 47 वर्षीय महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने बाइक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
राशन लेने निकली थीं महिला
मृतका की पहचान कोलडीहा निवासी पप्पू खान की पत्नी रिफत प्रवीण (47) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रिफत प्रवीण घर से राशन लेने के लिए निकली थीं। इसी दौरान गिरिडीह बाजार से पालगंज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और सड़क पर गिर पड़ीं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल महिला को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गए।

बाइक चालक हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल बाइक चालक को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि चालक पालगंज का निवासी है और गिरिडीह बाजार से अपने घर लौट रहा था, तभी कोलडीहा में यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें : बोकारो सदर अस्पताल के फिजियोथैरेपिस्ट ने ड्यूटी रूम में लगाई फांसी, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस
नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

