मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

गिरिडीह में होली के दौरान पुलिस और ग्रामीणों में झड़प, गर्भवती महिला समेत 6 घायल

--Advertisment--

  • सड़क पर होली खेलने को लेकर हुआ विवाद, ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठीचार्ज और अभद्र व्यवहार का लगाया आरोप

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह जिले में होली के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब नगर थाना क्षेत्र के हरिजन टोला में पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इस घटना में एक गर्भवती महिला समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

सड़क पर होली खेल रहे थे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार हरिजन टोला के लोग सड़क पर एक साथ होली का त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान नगर थाना की पुलिस वहां पहुंची और लोगों को सड़क पर होली खेलने से मना करते हुए अपने-अपने घरों के पास त्योहार मनाने की सलाह दी। इस बात को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।

यह भी पढ़ें :हनीमून पर दुबई गया रांची का नवदंपति फंसा, खाड़ी में बढ़ते तनाव से उड़ानें रद्द

ग्रामीणों का आरोप- पुलिस ने किया लाठीचार्ज

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अभद्र व्यवहार किया और लाठीचार्ज कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस दौरान एक गर्भवती महिला समेत छह लोग घायल हो गए। आरोप यह भी है कि पुलिसकर्मी मोहल्ले में घुसकर लोगों को धमकाने लगे और सड़क पर होली खेलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीण नगर थाना पहुंचकर पुलिस का घेराव करने लगे। ग्रामीणों ने गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार को एक लिखित आवेदन भी सौंपा। आवेदन में जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने ग्रामीणों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि होली के दौरान एक बाइक चालक तेज रफ्तार और तेज आवाज में बाइक चला रहा था। बाइक को रोकने के दौरान कुछ लोग थाने पहुंच गए और इसी बीच स्थिति बिगड़ गई। थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस ने भीड़ को शांत कराने की कोशिश की और किसी भी तरह का लाठीचार्ज नहीं किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क पर होली खेलने पर कोई रोक नहीं लगाई गई थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

https://samacharpost.live/2026/03/ranchi-couple-stuck-in-dubai-flight-cancelled-gulf-tension-news/
Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment