थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी नदी में फंसी, बाहर निकालने के लिए बुलानी पड़ी JCB

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में शनिवार को एक अजीबोगरीब घटना चर्चा का विषय बन गई। थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी नदी पार करते समय बीच धारा में फंस गई, जिसके बाद उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

पुल छोड़ नदी के रास्ते उतारी गई गाड़ी

जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी किसी सरकारी कार्य से चेरवा गांव जा रहे थे। इसी दौरान उनका सरकारी वाहन नदी के रास्ते उतार दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी पार करने के लिए वहां दो पुल मौजूद हैं, लेकिन किसी कारण वाहन को पुल के बजाय सीधे नदी से गुजारा गया। नदी में उतरते ही वाहन बीच धारा में फंस गया और आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।

यह भी पढ़ें: झारखंड में मौसम का यू-टर्न, झमाझम बारिश से मिली राहत; कई जिलों में आंधी-वज्रपात का अलर्ट

जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया वाहन

वाहन फंसने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पहले वाहन को सामान्य तरीके से निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में जेसीबी मशीन मंगाई गई और काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लीं। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कई लोग इस घटना पर हैरानी जता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे लापरवाही का मामला बता रहे हैं।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल

स्थानीय ग्रामीणों ने घटना को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब नदी पार करने के लिए पुल की सुविधा उपलब्ध थी, तो वाहन को नदी के रास्ते ले जाने की आवश्यकता क्यों पड़ी। ग्रामीणों का मानना है कि संभवतः शॉर्टकट अपनाने की कोशिश के कारण यह स्थिति बनी। हालांकि वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन घटना को लेकर अब तक पुलिस विभाग या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें