Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्टेशन रोड स्थित साई नगर रोड नंबर-5 में मंगलवार सुबह एक बंद घर में भीषण आग लग गई। घटना में घर के अंदर रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। पीड़ित महादेव कुमार ने बताया कि वह किसी आवश्यक कार्य से परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब वे वापस लौटे तो घर के अंदर से धुआं और आग की तेज लपटें निकलती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के अनुसार, वर्षों की मेहनत से जुटाया गया घरेलू सामान कुछ ही देर में आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक घटना में लाखों रुपये की क्षति हुई है।
दमकल विभाग ने एक घंटे में पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को जानकारी दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि तब तक घर के अंदर रखा अधिकांश सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि आग किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर लगाई गई हो सकती है। उनका कहना है कि घर पूरी तरह बंद था और प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट जैसी कोई स्थिति नजर नहीं आई। ऐसे में आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

यह भी पढ़ें: साइबर ठगी मामले में CBI की कार्रवाई, गोलमुरी से युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित परिवार लिखित शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मामले की गहन जांच कर आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

