धनबाद में घर में घुसकर युवक की हत्या, मेयर के करीबी शुभम यादव को मारी गोली

Meenu | April 18, 2026 | 11:47 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सोनारडीह ओपी क्षेत्र में शुक्रवार शाम 28 वर्षीय शुभम यादव की उसके ही घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, ओपी से महज 200 मीटर की दूरी पर अज्ञात अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। गंभीर रूप से घायल शुभम यादव को स्थानीय लोगों ने तुरंत कतरास निचितपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसे सिर और गर्दन में तीन गोलियां मारी गई थीं।

यह भी पढ़ें :नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अर्जुन मुंडा का बड़ा बयान, कहा महिलाओं की उम्मीदों पर चोट

पुलिस जांच में जुटी, इलाके में तनाव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। शुभम यादव के निधन की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और समर्थक बड़ी संख्या में जुट गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

बढ़ती आपराधिक घटनाओं से उठे सवाल

धनबाद में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। हाल ही में तेतुलमारी इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिसने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात

स्थिति को देखते हुए घटनास्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें