- तीर्थ यात्रा से लौटे मकान मालिक ने देखा घर का ताला टूटा, सामान बिखरा पड़ा था
Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धांगी मोड़ के पास बलियापुर रोड स्थित सूर्या हाइलैंड सिटी में चोरों ने दो बंद डुप्लेक्स को निशाना बनाया। चोर एक घर से लाखों रुपये के जेवरात, कीमती कपड़े और अन्य सामान चोरी करने में सफल रहे, जबकि दूसरे घर में घुसने की कोशिश के दौरान पड़ोसी के लाइट जलाने पर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में दहशत का माहौल है।
14 दिन बाद तीर्थ यात्रा से लौटे तो टूटा मिला ताला
जानकारी के अनुसार, सूर्या हाइलैंड सिटी के गायत्री-15 डुप्लेक्स के मालिक गजेंद्र सिंह करीब 14 दिनों से तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। रविवार देर शाम जब वह घर लौटे तो मुख्य गेट बाहर से बंद था। गेट खोलकर अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि घर के सभी कमरों के दरवाजों के ताले और कुंडियां टूटी हुई थीं। घर का सामान भी बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल सोसाइटी के लोगों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसियों के साथ घर की जांच करने पर अलमारी में रखे जेवरात, महंगे कपड़े और अन्य सामान गायब मिले। शुरुआती आकलन के अनुसार, करीब 15 से 20 लाख रुपये के सामान की चोरी हुई है। हालांकि चोरी की वास्तविक रकम का पता सामान और दस्तावेजों की पूरी जांच के बाद ही चल सकेगा।
दूसरे डुप्लेक्स में घुसने की कोशिश, लाइट जलते ही भागे
चोरों ने गजेंद्र सिंह के घर के पीछे स्थित सुरुचि-3 डुप्लेक्स को भी निशाना बनाया। यहां चोरों ने ताला तोड़ने के साथ खिड़की को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर घुसने की कोशिश की। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को घर के पास आहट सुनाई दी। उन्होंने जैसे ही लाइट जलाई, चोर मौके से फरार हो गए। इस वजह से दूसरे डुप्लेक्स में चोरी होने से बच गई। सुरुचि-3 डुप्लेक्स के मालिक मनोज सिन्हा बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्यरत हैं और फिलहाल धनबाद से बाहर हैं। पड़ोसियों ने उन्हें घटना की जानकारी दे दी है।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
दो घरों में चोरी और चोरी के प्रयास की सूचना मिलने के बाद सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही सोसाइटी में लगातार दो बंद घरों को निशाना बनाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पुलिस अब चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।




















