Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद जिले के महुदा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सोनू गोप के रूप में हुई है, जो महुदा थाना क्षेत्र के कपूरिया रूदी गांव के निवासी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, सोनू गोप गोमो स्टेशन से गोमो-खड़गपुर पैसेंजर ट्रेन से अपने गांव लौट रहे थे। महुदा स्टेशन पहुंचते ही उन्होंने जल्दबाजी में ट्रेन से उतरने की कोशिश की। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें :धनबाद में तड़के बड़ा सड़क हादसा, दो भारी वाहनों की टक्कर से लगा जाम
आरपीएफ और रेलवे कर्मियों ने पहुंचाई मदद
घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने तुरंत सूचना दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ और रेलवे कर्मियों ने घायल युवक को तत्काल रेलवे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया। एसएनएमएमसीएच में चिकित्सकों ने जांच के बाद सोनू की हालत गंभीर पाई और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। हादसे में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दाहिने पैर की उंगलियां कट गई हैं।
परिवार पर टूटा दुख
परिजन दयाल कुमार गोप के मुताबिक, सोनू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस हादसे से परिवार सदमे में है और उनकी हालत को लेकर चिंता बनी हुई है।






















