धनबाद में सनसनीखेज मामला: 5 दिन तक घर में पड़ा रहा बहन का शव, भाई ने बाथरूम में किया अंतिम संस्कार

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित वास्तु विहार कॉलोनी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक घर में युवती का शव पांच दिनों तक पड़ा रहा और बाद में उसके ही भाई ने बाथरूम में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर से तेज दुर्गंध फैलने लगी। स्थानीय लोगों ने घर से आ रही दुर्गंध और जलने की गंध से परेशान होकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम से जली हुई लाश बरामद की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें :रांची में छात्रा से दुष्कर्म: बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर फ्लैट में वारदात

परिवार लंबे समय से रह रहा था अलग-थलग

जानकारी के अनुसार, यह घर एक रिटायर्ड वैज्ञानिक का था, जिनका 2023 में निधन हो चुका है। उनकी तलाकशुदा बेटी लंबे समय से मानसिक तनाव में थी और अकेले रह रही थी। धीरे-धीरे परिवार के सदस्य भी सामाजिक रूप से अलग-थलग पड़ गए थे। मामले में मृतका के बड़े भाई ने दावा किया कि उसकी बहन की मौत 8 तारीख को तबीयत बिगड़ने से हुई थी। उसने कहा कि शव खराब होने लगा था, इसलिए उसने घर में ही अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं छोटे भाई ने बताया कि जब वह अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, तब तक बड़े भाई ने पहले ही यह कदम उठा लिया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच जारी

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर शव को कई दिनों तक घर में रखने और फिर इस तरह अंतिम संस्कार करने को लेकर। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

संबंधित खबरें