Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में एक छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि सहेली ने जन्मदिन पार्टी के बहाने उसे फ्लैट पर बुलाया, जहां पहले से मौजूद युवक ने नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, वह फिलहाल फरार है। पीड़िता, जो जमशेदपुर की रहने वाली है, ने पुलिस को बताया कि 9 अप्रैल की रात उसे उसकी सहेली ने जन्मदिन पार्टी में बुलाया था। सहेली ने कहा था कि वहां अन्य लड़कियां भी मौजूद रहेंगी, लेकिन फ्लैट पर पहुंचने पर तीन युवक पहले से मौजूद मिले। पीड़िता के अनुसार, रात करीब 8 बजे केक काटा गया, जिसे खाने के बाद उसे असामान्य सुस्ती और कमजोरी महसूस होने लगी। इसके बाद आरोपी ने उसे पिज्जा दिया, जिसके बाद उसकी हालत और बिगड़ गई और उसे चक्कर आने लगे।
यह भी पढ़ें :एक गाड़ी में दिखी बिहार की सियासत: आगे विजय सिन्हा, पीछे नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी
कमरे में ले जाकर जबरदस्ती का आरोप
पीड़िता ने बताया कि असहज महसूस होने पर वह कमरे में चली गई। इसी दौरान आरोपी युवक कमरे में आया और दरवाजा बंद कर जबरदस्ती की। पीड़िता ने अपनी खराब तबीयत की बात कही, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने उसकी हालत का फायदा उठाया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह हॉस्टल लौट गई। अगले दिन उसकी तबीयत बिगड़ गई और दो दिन बाद हालत गंभीर होने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post