Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद दो नंबर इलाके में 27 मई को हुई हिंसक मारपीट और गोलीबारी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में 22 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस गोलीबारी में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुरानी रंजिश में भड़की हिंसा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह घटना विकास बजरंगी और अमित यादव गुट के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी दुश्मनी का परिणाम है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद अचानक हिंसक हो गया, जिसके बाद जमकर मारपीट हुई और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
यह भी पढ़ें: दहेज की मांग ने ले ली नवविवाहिता की जान! स्कॉर्पियो की किस्त को लेकर हत्या का आरोप
पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आनंद यादव, विवेक ठाकुर और करण दास को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।