तंत्र-मंत्र के नाम पर 70 वर्षीय महिला से लाखों के गहनों की ठगी, पुलिस जांच में जुटी

Rupa Kumari | July 9, 2026 | 02:58 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के सदर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण ठग लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

समस्या दूर करने का झांसा देकर की ठगी

जानकारी के अनुसार, बिसुनपुर नाला के समीप रहने वाली 70 वर्षीय राजकुमारी देवी अपने घर के पास मौजूद थीं। इसी दौरान काले कपड़े पहने दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू की। दोनों ने खुद को तंत्र-मंत्र के जरिए समस्याओं का समाधान करने वाला बताया और महिला को विश्वास में लेने की कोशिश की। आरोपियों ने दावा किया कि विशेष पूजा-अनुष्ठान से घर की परेशानियां दूर हो जाएंगी। इसके लिए उन्होंने महिला से शरीर पर पहने सभी सोने के आभूषण उतारकर एक गमछे में रखने को कहा।

51 कदम पीछे चलने को कहा, लेकर भागे गहने

ठगों ने कथित अनुष्ठान की प्रक्रिया का हवाला देते हुए महिला से गमछा रखकर 51 कदम पीछे चलने को कहा। राजकुमारी देवी उनकी बातों में आ गईं और बताए अनुसार पीछे चली गईं। जब वह वापस लौटीं तो देखा कि दोनों व्यक्ति और गहनों से भरा गमछा गायब था। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। घटना से बुजुर्ग महिला काफी परेशान हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

यह भी पढ़ें: पलामू में अनोखी पहल: गीत गाकर SIR अभियान का संदेश दे रहे अंचलाधिकारी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक, चमत्कार या समस्या समाधान के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें