मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

धनबाद में आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या, कलेक्शन कर लौट रहे कर्मचारी पर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :झारखंड के धनबाद जिले में रविवार को अपराधियों ने एक आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है, जो ग्राहकों से रुपये का कलेक्शन कर बाइक से वापस लौट रहे थे। घटना गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खेरकाबाद इलाके में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

कलेक्शन कर लौट रहे थे उमेश यादव

जानकारी के अनुसार, झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी उमेश यादव गोधर स्थित एक आटा मिल में कई वर्षों से कार्यरत थे। उनकी जिम्मेदारी ग्राहकों से भुगतान वसूलने की थी। रविवार को भी वह नियमित रूप से कलेक्शन के लिए निकले थे और वापस लौट रहे थे। इसी दौरान 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के समीप पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

गोलीबारी से इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हत्या के पीछे लूट या पुरानी रंजिश? कई एंगल से जांच

मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे लूटपाट या पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। उमेश यादव के भाई राजेश यादव ने कहा कि हत्या के कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। वहीं आटा मिल के मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव लंबे समय से उनके प्रतिष्ठान में कार्यरत थे और बेहद भरोसेमंद कर्मचारी थे। घटना के समय वह ड्यूटी पर थे और कलेक्शन के काम से लौट रहे थे।

जल्द होगा खुलासा, आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। लूट, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment