देवघर में स्कूल में पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, किताबें और फर्नीचर जलकर राख

Meenu | May 10, 2026 | 02:20 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,देवघर :देवघर जिले में असामाजिक तत्वों ने एक स्कूल को निशाना बनाते हुए आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। पथरौल थाना क्षेत्र के कजरा मोड़ गोविंदपुर रोड स्थित एडीएस नीति विद्यालय में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। घटना में स्कूल की बेंच, कुर्सियां, किताबें और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

यह भी पढ़ें :हिमंत बिस्व सरमा फिर संभालेंगे असम की कमान, 12 मई को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

किराए के भवन में चलता है स्कूल

जानकारी के मुताबिक यह विद्यालय किराए के मकान में संचालित किया जा रहा था। आग लगने से स्कूल प्रबंधन को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां बच्चों के भविष्य को संवारने का काम होता है, उसी शिक्षा के केंद्र को निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है।

घटना की जानकारी मिलते ही जुटी भीड़

आगजनी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंच गए। महिलाओं और ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और शिक्षा व्यवस्था पर पड़ता है।

पुलिस को मौके से मिली पेट्रोल की बोतल

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से पेट्रोल से भरी बोतल और कुछ अन्य संदिग्ध अवशेष बरामद किए हैं। दिलीप कुमार बिलुंग ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने का प्रतीत हो रहा है। मकान मालिक की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

अधूरी सुरक्षा व्यवस्था का उठाया फायदा

बताया जा रहा है कि स्कूल एक अर्धनिर्मित भवन में संचालित हो रहा था और वहां चारदीवारी भी नहीं थी। केवल सामने एक गेट लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कमजोरी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व परिसर में घुसे और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें