Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा: मनीष कुमार ने जिले में जेएसी और सीबीएसई बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए डीसी ने सभी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) के 15 टॉपर, Central Board of Secondary Education (CBSE) के 5 टॉपर, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के 5 तथा नवोदय विद्यालय के 5 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और उनका उत्साह बढ़ गया।
प्रेरणादायक संदेश दिया
डीसी मनीष कुमार ने कहा कि ये छात्र जिले की शान हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने वाले छात्र ही सफलता हासिल करते हैं।
यह भी पढ़ें: गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का तोहफा, झारखंड-बंगाल के लिए 12 समर स्पेशल ट्रेनें
अभिभावकों और शिक्षकों की सराहना
कार्यक्रम के दौरान डीसी ने शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की इस उपलब्धि के पीछे उनके मार्गदर्शन और सहयोग का बड़ा योगदान है। इस मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जहां मेधावी छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।






















