Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रस्तावित JPSC कार्यालय घेराव और आयोग पर लगाए गए आरोपों का कड़ा जवाब दिया है। कांग्रेस ने दावा किया कि भाजयुमो का आंदोलन युवाओं के हित में नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश है।
यह भी पढ़ें : Freedom Drive 2026 को राज्यपाल ने दिखाई हरी झंडी, शिक्षा के महत्व का दिया संदेश
JPSC को लेकर भाजपा पर कांग्रेस का हमला
कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा युवाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लगभग 19 वर्षों के शासनकाल में केवल पांच बार JPSC परीक्षाएं आयोजित हुईं। उन्होंने कहा कि दूसरी JPSC परीक्षा विवादों में रही थी, जबकि छठी JPSC परीक्षा, जिसकी प्रक्रिया रघुवर दास सरकार के दौरान शुरू हुई थी, उसे हेमंत सोरेन सरकार ने पूरा कर 326 पदों पर नियुक्ति सुनिश्चित की। कांग्रेस ने कहा कि राज्य सरकार लगातार नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। छठी JPSC परीक्षा: 326 पदों पर नियुक्ति सातवीं से दसवीं JPSC परीक्षा (2021) 252 पदों पर बहाली, 11वीं से 13वीं JPSC परीक्षा (2024) 342 पदों पर नियुक्ति, 14वीं JPSC परीक्षा 103 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। कांग्रेस का दावा है कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां कर रही है।

‘JPSC पारदर्शिता और नियमों के तहत काम कर रहा’
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि JPSC पूरी पारदर्शिता और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्य कर रहा है। परीक्षा परिणाम भी सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जारी किए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आयोग की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है क्योंकि वह राज्य सरकार की नियुक्ति प्रक्रिया को स्वीकार नहीं कर पा रही है।
भाजपा से रोजगार के मुद्दे पर सवाल
कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की उम्र सीमा समेत उनकी सभी उचित मांगों को लेकर गंभीर है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि यदि उसे वास्तव में युवाओं की चिंता है तो वह केंद्र सरकार से दो करोड़ रोजगार के वादे पर जवाब क्यों नहीं मांगती। कांग्रेस ने दावा किया कि JPSC को बदनाम करने की कोशिश सफल नहीं होगी और राज्य के युवा तथ्यों को समझते हैं।

Reporter | Samachar Post

