Samachar Post डेस्क,पटना :राज्य में पैदल चलने वालों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नीतीश कुमार ने बड़ा निर्णय लिया है। शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा संदेश में उन्होंने परिवहन विभाग को सड़कों पर पैदल यात्रियों के अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पांच महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों का सम्मान और सुरक्षित जीवन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सात निश्चय-3 के तहत पहल
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद ‘सात निश्चय-3 (2025-30)’ कार्यक्रम लागू किया गया है। इसके सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी को सरल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में आय और वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ पैदल यात्रियों को होने वाली असुविधाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
यह भी पढ़ें :डुमरी में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष का अधजला शव बरामद, इलाके में सनसनी
पांच बड़े निर्देश
- फुटपाथ निर्माण: शहरी और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर जल्द फुटपाथ निर्माण
- जेब्रा क्रॉसिंग: पैदल यात्रियों के लिए चिन्हित स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाना
- फुट ओवरब्रिज/अंडरपास: भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फुट ओवरब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास निर्माण
- चालकों का प्रशिक्षण: सरकारी और निजी वाहन चालकों को पैदल यात्रियों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए प्रशिक्षण
- ब्लैक स्पॉट चिन्हित करना: दुर्घटना संभावित स्थानों पर फुटपाथ और सीसीटीवी लगाने की व्यवस्था
उद्देश्य- सुरक्षित और आसान बने दैनिक जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निर्देशों को जल्द लागू कर सड़कों पर पैदल यात्रियों का जीवन सुरक्षित और सुगम बनाने का लक्ष्य है। उनका मानना है कि यह पहल लोगों के दैनिक आवागमन को बेहतर और सुरक्षित बनाने में सहायक साबित होगी।






















