18 साल की नौकरी में 4 करोड़ की प्रॉपर्टी, छापे में 76 लाख के गहने; धनकुबेर इंजीनियर की करप्शन कथा

Samachar Post डेस्क, बिहार : छपरा के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर राजेंद्र कुमार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के मुताबिक, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। SVU की प्रारंभिक जांच में राजेंद्र कुमार के पास 3 करोड़ 1 लाख रुपये से अधिक की कथित आय से अधिक संपत्ति का पता चला है। जांच एजेंसी के अनुसार, राजेंद्र कुमार ने 2008 में सरकारी सेवा में आने के बाद कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की। अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद शुक्रवार को SVU की अलग-अलग टीमों ने राजेंद्र कुमार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पटना, छपरा और गोपालगंज स्थित उनके ठिकानों के अलावा मुंबई के गोरेगांव में उनकी बहन के फ्लैट की भी तलाशी ली गई।

यह भी पढ़ें : झारखंड के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-वज्रपात की भी चेतावनी

मां, बहन और बहनोई के खातों के इस्तेमाल का आरोप

जांच के दौरान SVU को कथित तौर पर पता चला कि राजेंद्र कुमार ने अपनी संपत्ति और अवैध रकम छिपाने के लिए मां, बहन और बहनोई के बैंक खातों का इस्तेमाल किया। एजेंसी के मुताबिक, इन्हीं पैसों से पटना, बिक्रम, नवादा और मुंबई में कई अचल संपत्तियां खरीदी गईं। तलाशी के दौरान राजेंद्र कुमार, उनकी पत्नी कंचन कुमारी और मां सुनैना देवी के नाम पर दर्ज कई प्लॉट और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। इनमें मुंबई के पनवेल में करीब 75 डिसमिल जमीन के कागजात भी शामिल हैं। इस जमीन को करीब 1 करोड़ 61 लाख रुपये में खरीदे जाने की जानकारी जांच एजेंसी को मिली है। इसके अलावा मुंबई के नेरूल में करीब 38 लाख रुपये के फ्लैट और नवादा में करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पटना के बेउर में दो मंजिला मकान और सोनपुर में करीब 18 लाख रुपये के प्लॉट के कागजात भी तलाशी के दौरान मिले हैं।

1.96 लाख नकद और 76 लाख के जेवर बरामद

SVU की छापेमारी के दौरान राजेंद्र कुमार के ठिकानों से 1 लाख 96 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा करीब 76 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं। तलाशी टीम को महंगी गाड़ियों और अन्य कीमती सामान की खरीद से जुड़े कई वाउचर भी मिले हैं। जांच एजेंसी इन दस्तावेजों और खरीदारी से जुड़े लेनदेन की भी पड़ताल कर रही है।

आधा दर्जन से ज्यादा बैंक खातों की जांच

SVU को भारतीय स्टेट बैंक समेत अलग-अलग बैंकों में राजेंद्र कुमार और उनके परिवार के नाम से आधा दर्जन से अधिक बैंक खातों की जानकारी मिली है। एजेंसी अब इन खातों में हुए लेनदेन और संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल रकम के स्रोत की जांच कर रही है। SVU के मुताबिक, जांच अभी जारी है। तलाशी में मिले दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेनदेन का सत्यापन किया जा रहा है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

संबंधित खबरें