खेत में धान रोपनी के दौरान महिला पर गिरी बिजली, मौत के बाद दो बच्चे हुए बेसहारा

Meenu | July 23, 2026 | 11:14 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के झुमपुरा थाना क्षेत्र स्थित सारुपतला गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 45 वर्षीय विधवा महिला पार्वती पात्रा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह खेत में धान रोपनी का काम कर रही थीं। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें : लातेहार में वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप, मनिका थाना प्रभारी और बालू कारोबारियों के बीच कथित बातचीत चर्चा में

धान रोपनी के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पार्वती पात्रा गुरुवार को अपने खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल चंपुआ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

छह साल पहले पति की भी हो चुकी थी मौत

ग्रामीणों के अनुसार, पार्वती पात्रा के पति का निधन करीब छह वर्ष पहले हो चुका था। अब उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पुत्र रजत पात्रा और पुत्री मौसमी पात्रा के सिर से मां का साया भी उठ गया है, जिससे दोनों बच्चे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं।

पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सरकारी मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी या अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके और परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक हो सके।

Share this news

संबंधित खबरें