Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम-2026 के तहत गणना प्रपत्र जमा करने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जिन मतदाताओं ने अब तक अपना गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को जमा नहीं किया है, वे अगले 2 से 3 दिनों के भीतर इसे अनिवार्य रूप से जमा कर दें।
यह भी पढ़ें : झारखंड शराब घोटाला: सुप्रीम कोर्ट से अरुण पति त्रिपाठी को अग्रिम जमानत, जांच में सहयोग की शर्त
समय पर प्रपत्र जमा करने से होगा डिजिटाइजेशन
उपायुक्त ने कहा कि समय पर गणना प्रपत्र प्राप्त होने से उनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन किया जा सकेगा। इससे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शी और सुचारू तरीके से पूरा होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखना, मताधिकार की रक्षा करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाना है। इसके लिए सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है।

मतदाताओं से दूसरों को भी जागरूक करने की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि समय पर गणना प्रपत्र जमा करने से मतदाता सूची में आवश्यक विवरण अपडेट हो सकेगा और भविष्य में मतदान से जुड़ी किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सकेगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के पात्र मतदाताओं को भी प्रेरित करें कि वे जल्द से जल्द अपना गणना प्रपत्र संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने में करें सहयोग
जिला निर्वाचन कार्यालय ने कहा कि यदि किसी कारणवश किसी मतदाता का गणना प्रपत्र अभी तक जमा नहीं हो पाया है, तो वह बिना देरी किए अगले 2-3 दिनों के भीतर संबंधित BLO से संपर्क कर अपना प्रपत्र जमा करें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Reporter | Samachar Post


