Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंझारी थाना क्षेत्र के कुंदरूगुद्र गांव स्थित महली बंधा तालाब से 28 वर्षीय लक्ष्मण बिरुवा का गला कटा शव बरामद हुआ। परिजनों ने मृतक की पत्नी और उसके सगे चाचा पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : बोकारो में रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
तालाब में मिला गला कटा शव
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह गांव के कुछ बच्चे महली बंधा तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान उन्हें पानी में एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे और गला धारदार हथियार से रेता गया था। बाद में शव की पहचान लक्ष्मण बिरुवा के रूप में हुई।
परिजनों ने चाचा और पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक के छोटे भाई राकेश बिरुवा ने आरोप लगाया कि लक्ष्मण मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहता था। इसी दौरान उसकी पत्नी और उसके सगे चाचा गंगाराम बिरुवा के बीच पिछले करीब एक महीने से प्रेम संबंध चल रहे थे। परिजनों का आरोप है कि इसी संबंध के चलते दोनों ने मिलकर लक्ष्मण की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया।

घर से ले जाने के बाद लापता हो गया था लक्ष्मण
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम लक्ष्मण के साथ मारपीट हुई थी। इसके अगले दिन शुक्रवार को गंगाराम बिरुवा और गांव के ही शारदा बिरुवा उसे बाइक पर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन रविवार को तालाब से उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया
पुलिस ने मामले में गांव के शारदा बिरुवा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिलीप सहाय मांझी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Reporter | Samachar Post

