चाईबासा में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा, DC ने स्कूलों में ‘साथिया’ चयन के दिए निर्देश

Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित किशोर स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी आरकेएसके (RKSK) केंद्रों पर स्थायी साइनेज लगाए जाएं, ताकि किशोर-किशोरियों और आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके और उनकी पहुंच बेहतर हो।

यह भी पढ़ें : गुमला में हाईटेंशन टावर पर चढ़कर किशोर ने आत्महत्या का प्रयास, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

स्कूलों में चुने जाएंगे ‘साथिया’ पीयर एजुकेटर

बैठक में विद्यालय आधारित किशोर स्वास्थ्य गतिविधियों को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों में से दो बालक और दो बालिकाओं का चयन ‘साथिया’ के रूप में किया जाए। इन चयनित विद्यार्थियों के माध्यम से किशोर स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और जीवन कौशल जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

अधिक से अधिक किशोरों तक पहुंचे योजना का लाभ

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों को स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी गतिविधियों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक किशोरों तक पहुंच सके।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी (चक्रधरपुर), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित खबरें