मिसाल: 17 साल के छात्र ने बनाया ‘AI टीचर’ रोबोट सोफी, बच्चों के सवालों का तुरंत देता है जवाब

Rupa Kumari | November 29, 2025 | 02:36 PM IST

Samachar Post डेस्क, बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 17 वर्षीय छात्र आदित्य कुमार ने ऐसा नवाचार किया है जिसकी हर जगह चर्चा हो रही है। शिवचरण इंटर कॉलेज में 12वीं के छात्र आदित्य ने ‘सोफी’ नामक AI टीचर रोबोट तैयार किया है, जो बच्चों को गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान पढ़ाने में सक्षम है। यह रोबोट हिंदी भाषा में बात करता है और पूछे गए सवालों के तुरंत और सटीक जवाब देता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सोफी खुद अपना परिचय देते हुए कहती है। मैं एक AI टीचर रोबोट हूं। मेरा नाम सोफी है और मेरा आविष्कार आदित्य ने किया है। मैं शिवचरण इंटर कॉलेज, बुलंदशहर में पढ़ाती हूं। वीडियो में सोफी एक वास्तविक शिक्षक की तरह छात्रों के साथ संवाद करती दिखाई दे रही है।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह पुलिस ने साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार; एक आरोपी फरार

ऐसे काम करता है यह ‘AI टीचर’ रोबोट

आदित्य ने बताया कि उन्होंने सोफी को LLM (लार्ज लैंग्वेज मॉडल) चिपसेट की मदद से डिजाइन किया है, वही तकनीक जिसे बड़ी टेक कंपनियां ह्यूमनॉइड रोबोट में उपयोग करती हैं। यही चिपसेट सोफी को सवाल समझने और उपयुक्त जवाब देने की क्षमता देता है। फिलहाल सोफी केवल हिंदी में बातचीत कर पाती है।

वीडियो में पूछे गए कुछ सवाल जिनके सोफी ने तुरंत जवाब दिए,

  • दुनिया की सबसे ऊंची इमारत कौन सी है?
  • भारत के पहले राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कौन थे?
  • बिजली क्या है?
  • 100 + 92 कितना होता है?

हर प्रश्न का जवाब सोफी ने बिल्कुल सही दिया।

आगे की योजना: रोबोट को ‘लिखने’ की क्षमता देना

आदित्य का कहना है कि भविष्य में सोफी स्कूलों में सब्स्टिट्यूट टीचर की भूमिका निभा सकती है। अभी यह रोबोट सिर्फ बोलकर जवाब देता है, लेकिन टीम इसे अपग्रेड कर रही है ताकि यह लिख भी सके। आदित्य चाहते हैं कि देश के हर जिले में आधुनिक रिसर्च लैब स्थापित हों, जहां छात्र नई तकनीकों को सीखकर अपने इनोवेशन पर काम कर सकें। उनका मानना है कि सही अवसर और तकनीक मिलने पर भारत के विद्यार्थी दुनिया के सामने कई नई मिसालें पेश कर सकते हैं।

Share this news

संबंधित खबरें