Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने मंगलवार को रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आयोग की कार्यप्रणाली से अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान BJYM नेताओं ने सवाल उठाया कि परीक्षा परिणाम रात करीब 2 बजे जारी करने की क्या आवश्यकता थी। उनका कहना था कि परिणाम जारी करने का समय अभ्यर्थियों के बीच संदेह पैदा करता है और आयोग को इस संबंध में सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना चाहिए।
यह भी पढ़ें :उत्पाद सिपाही पेपर लीक केस: तीन आरोपियों की अग्रिम जमानत पर 9 और 10 जुलाई को सुनवाई
उत्तर पुस्तिकाओं में कथित हेरफेर का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में खाली उत्तर पुस्तिकाओं को जमा दिखाकर बाद में कथित तौर पर उनमें हेरफेर किया गया। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कट-ऑफ सार्वजनिक करने की मांग
BJYM ने आयोग से परीक्षा का कट-ऑफ सार्वजनिक करने की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कट-ऑफ जारी होने से चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी और अभ्यर्थियों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलेगा। प्रदर्शन के दौरान भाजपा युवा मोर्चा ने JPSC से मौजूदा परीक्षा परिणाम रद्द करने की मांग भी की। संगठन का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो परिणाम रद्द कर नई प्रक्रिया के तहत परीक्षा और मूल्यांकन कराया जाना चाहिए।

Reporter | Samachar Post

