- कई जिलों में ईवीएम खराब, मतदान प्रक्रिया प्रभावित
Samachar Post डेस्क, बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में आज पूर्णिया सहित कई जिलों में मतदान जारी है। लेकिन अररिया, सीतामढ़ी और सुपौल जिलों के कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रक्रिया में देरी हुई।
अररिया में कई बूथों पर मतदान रुका
जोगबनी मिडिल स्कूल, बूथ संख्या 15, कोचगामा स्कूल, बूथ संख्या 34, बगुआ बूथ संख्या 37, इन तीनों स्थानों पर ईवीएम खराब होने की वजह से लगभग एक घंटे तक मतदान पूरी तरह रुका रहा।

सीतामढ़ी और सुपौल में भी समस्या
सीतामढ़ी के बूथ संख्या 293 पर भी मशीन खराब होने के कारण मतदाताओं को इंतज़ार करना पड़ा। सुपौल शहर के वार्ड 19 के बूथ संख्या 187 में मॉक पोल और सीलिंग में देरी की वजह से मतदान 20 मिनट बाद शुरू हुआ।

पूर्णिया में भी कई बूथ देर से खुले
पूर्णिया के भट्ठा बाजार स्थित मध्य विद्यालय बूथ संख्या 89 पर मतदान निर्धारित समय से देर से प्रारंभ हुआ। सात विधानसभा सीटों वाले पूर्णिया जिले में सुबह 7 बजे से 2,553 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है।
- कुल मतदाता: 20,93,212
- उम्मीदवार: 69
आज ही इन सभी उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला ईवीएम में सील किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली बम धमाके के बाद अलर्ट मोड में रांची, देर रात तक चला सघन जांच अभियान
अधिकारियों ने की स्थिति सुधारने की पुष्टि
जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराने की पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहाँ-जहाँ तकनीकी समस्याएँ सामने आई हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जा रहा है।






















