- 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, वज्रपात की आशंका; नदियों का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता
Samachar Post डेस्क, पटना : बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की भी आशंका है।
18 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के 18 जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इनमें बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई शामिल हैं। इन जिलों के लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर बिहार में अच्छी बारिश, दक्षिण बिहार अब भी पीछे
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बिहार और कोसी-सीमांचल क्षेत्र में मानसून की गतिविधियां तेज हैं और कई इलाकों में अच्छी वर्षा दर्ज की जा रही है। वहीं दक्षिण बिहार के कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से दक्षिण बिहार के इलाकों में भी वर्षा की स्थिति में सुधार हो सकता है। लगातार हो रही बारिश का असर नदियों पर भी दिखाई देने लगा है। कोसी, बागमती और उत्तर बिहार की अन्य प्रमुख नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुछ निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: पारसनाथ वन क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध क्वार्ट्ज पत्थर से लदा हाइवा जब्त
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। मौसम विभाग ने लोगों से वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

