Samachar Post डेस्क,पटना :बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत आज (11 नवंबर) 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इस चरण में 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, तारकिशोर प्रसाद और कांग्रेस नेता अजीत शर्मा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। राज्य में कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण इलाकों में हैं। सुरक्षा की दृष्टि से 8,491 बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
यह भी पढ़ें :धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ी, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती; फैंस कर रहे दुआ
झारखंड के घाटशिला समेत 8 सीटों पर उपचुनाव
बिहार के साथ-साथ 6 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की 8 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हो रहा है. इनमें झारखंड का घाटशिला, जम्मू-कश्मीर का बडगाम और नगरोटा, राजस्थान का अंता, तेलंगाना का जुबली हिल्स, पंजाब का तरनतारन, मिजोरम का डम्पा, ओडिशा का नुआपाड़ा शामिल है।
घाटशिला उपचुनाव: 2.55 लाख मतदाता करेंगे मतदान
घाटशिला उपचुनाव में कुल 2,55,820 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 1,24,899 पुरुष, 1,30,921 महिलाएं, 3 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। यहां मतदान के लिए 300 बूथ बनाए गए हैं।

घाटशिला में 13 प्रत्याशी मैदान में
घाटशिला सीट पर कुल 13 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं भाजपा से बाबूलाल सोरेन (पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के बेटे), झामुमो से सोमेश चंद सोरेन (पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के बेटे), अन्य में 8 निर्दलीय, 1 पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक), 1 भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और 1 JLKM प्रत्याशी शामिल हैं।

PM मोदी ने की मतदान की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज है. सभी मतदाताओं से आग्रह है कि वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और नया मतदान रिकॉर्ड बनाएं. पहली बार वोट देने वाले युवा साथियों से विशेष अपील है कि वे खुद मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।






















