ब्रेकिंग न्यूज़

बिहार में शिक्षा सुधार की नई पहल, छात्रों से सीधे संवाद करेंगे मंत्री-अधिकारी; CM सम्राट की 4 बड़ी घोषणाएं

Meenu | August 9, 2026 | 02:40 PM IST

Samachar Post डेस्क,पटना : बिहार सरकार ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में कई अहम फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को शिक्षा सुधार से जुड़ी चार बड़ी घोषणाओं की जानकारी दी। इन फैसलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए राज्य स्तरीय समिति, परीक्षा सुधार समिति, छात्रों से सीधे संवाद के लिए विशेष सहयोग शिविर और छात्र कल्याण से जुड़े कार्यों के लिए निदेशालयों का गठन शामिल है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन पहलों का उद्देश्य स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, परीक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने और छात्रों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाना है।

यह भी पढ़ें : JPSC परीक्षा अनियमितता केस: जेल में बंद अभय तिवारी और श्वेता गुप्ता ने मांगी जमानत, CID कोर्ट ने केस डायरी तलब की

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बनेगी राज्य स्तरीय समिति

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सभी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति का उद्देश्य स्कूलों की मौजूदा स्थिति का आकलन करना और जरूरी सुधारों के लिए सुझाव देना होगा। इसके जरिए प्रत्येक विद्यालय को उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में विकसित करने और छात्रों के सीखने के स्तर में लगातार सुधार लाने पर जोर दिया जाएगा।

परीक्षा व्यवस्था में AI और तकनीक का होगा इस्तेमाल

परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष, आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति का गठन किया गया है। यह समिति बोर्ड परीक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं और कक्षा आधारित मूल्यांकन में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर सुझाव देगी। इसका मकसद सिर्फ परीक्षा प्रक्रिया को आधुनिक बनाना ही नहीं, बल्कि छात्रों के ज्ञान, समझ और विश्लेषण क्षमता का बेहतर आकलन करना भी है।

छात्रों से सीधे बात करेंगे CM, मंत्री और जनप्रतिनिधि

शिक्षा व्यवस्था में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। छात्र अपनी समस्याएं, सुझाव और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां सीधे जनप्रतिनिधियों के सामने रख सकेंगे। सरकार का मानना है कि छात्रों से सीधे बातचीत करने से शिक्षा व्यवस्था की जमीनी समस्याओं को समझने और उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज करने में मदद मिलेगी। छात्रों से जुड़े कल्याणकारी कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से लागू करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने के लिए निदेशालयों के गठन की घोषणा की गई है। इस व्यवस्था के जरिए छात्र हित से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की निगरानी तथा क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

छात्र-केंद्रित होगी शिक्षा व्यवस्था- CM सम्राट

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर परीक्षा व्यवस्था और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। नई समितियों और व्यवस्थाओं के जरिए स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने और छात्रों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें