धनबाद में गैस रिसाव की जांच तेज, नाइट्रोजन फ्लशिंग प्रक्रिया जल्द होगी शुरू

Rupa Kumari | December 18, 2025 | 12:31 PM IST
  • ड्रिलिंग के दौरान मीथेन गैस के संकेत, विशेषज्ञों की निगरानी में होगी कार्रवाई

Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद : बीसीसीएल के कुसुंडा एरिया स्थित गेस्ट हाउस परिसर में जारी गैस रिसाव की जांच के दौरान मीथेन गैस की मौजूदगी सामने आई है। एमईसीएल (मिनरल एक्सप्लोरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड) की वैज्ञानिक टीम ने करीब 13 मीटर गहराई तक ड्रिलिंग की, जहां प्राकृतिक गैस के संकेत मिले हैं। फिलहाल गैस की मात्रा और दबाव का सटीक आकलन नहीं हो सका है। वैज्ञानिक गैस के बहाव, दबाव और संरचना की विस्तृत जांच कर रहे हैं, ताकि रिसाव की गंभीरता को समझा जा सके और आगे की रणनीति तय की जा सके।

गैस नियंत्रण के लिए नाइट्रोजन फ्लशिंग की तैयारी

गैस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नाइट्रोजन फ्लशिंग प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत भूमिगत गैलरियों में पाइप के माध्यम से नाइट्रोजन प्रवाहित की जाएगी, जिससे मीथेन गैस के दबाव को कम किया जा सके। यह प्रक्रिया विशेषज्ञों की कड़ी निगरानी में की जाएगी, क्योंकि इसमें तकनीकी और सुरक्षा से जुड़े जोखिम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: धनबाद: पेट्रोल पंप मालिक के बेटे को लगी गोली, हालत गंभीर, दुर्गापुर रेफर

इलाके में सतर्कता बरकरार

जांच के दौरान यह पाया गया है कि आसपास के क्षेत्रों में गैस का असर पहले की तुलना में कम हुआ है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। ड्रिलिंग स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और स्थानीय लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

कोल इंडिया चेयरमैन करेंगे निरीक्षण

इसी बीच कोल इंडिया के नए चेयरमैन बी. साईंराम के धनबाद दौरे को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन अलर्ट मोड में है। वे गैस प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों और तकनीकी उपायों की समीक्षा करेंगे। माना जा रहा है कि उनके निरीक्षण के बाद ही नाइट्रोजन फ्लशिंग प्रक्रिया को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें