Samachar Post रिपोर्टर, रांची : कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) पास कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की और कहा कि अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर आवाज उठाने के साथ जरूरत पड़ने पर जनता के लिए कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगी।
सोशल मीडिया पर साझा की परीक्षा परिणाम की जानकारी
अंबा प्रसाद ने अपने एक्स हैंडल पर AIBE पास करने की जानकारी देते हुए परीक्षा परिणाम की तस्वीर भी साझा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि राजनीति के गलियारों के साथ अब उन्होंने न्यायालय के गलियारों में भी कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें विधायिका के साथ-साथ कार्यपालिका की कार्यशैली का भी अनुभव रहा है। अब विधायिका और कार्यपालिका के बीच फंसे लोगों की समस्याओं को लेकर वह न्यायालय का रुख भी करेंगी।
कहा- अन्याय के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ूंगी
पूर्व विधायक ने कहा कि जनता के साथ होने वाले अन्याय और प्रताड़ना के खिलाफ वह पहले भी आवाज उठाती रही हैं। अब जरूरत पड़ने पर लोगों की ओर से कानूनी लड़ाई लड़ने की कोशिश करेंगी। उन्होंने अपने संदेश के अंत में समर्थकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी शुभकामनाओं और आशीर्वाद से उन्होंने AIBE की परीक्षा पास की है।
AIBE पास करने के बाद आगे की प्रक्रिया
AIBE पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आगे Certificate of Practice (COP) से जुड़ी प्रक्रिया होती है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने AIBE XXI के सफल अभ्यर्थियों के COP की प्रक्रिया शुरू की है और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर प्रमाणपत्र संबंधित स्टेट बार काउंसिल तक भेजे जा रहे हैं।






















