बोकारो में ACB का बड़ा एक्शन, पेटरवार प्रखंड के प्रधान सहायक 8 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार

Rupa Kumari | July 2, 2026 | 05:13 PM IST
  • 15वें वित्त आयोग की योजना की राशि जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत, शिकायत के बाद धनबाद ACB ने बिछाया जाल

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की है। प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित प्रधान सहायक गुलाम रसूल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। धनबाद ACB की टीम की इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।

योजना की राशि जारी करने के बदले मांगी थी घूस

जानकारी के अनुसार मामला 15वें वित्त आयोग की एक योजना से संबंधित भुगतान का है। एक लाभुक की राशि लंबे समय से लंबित थी। भुगतान कराने के लिए जब उसने प्रधान सहायक गुलाम रसूल से संपर्क किया, तो उन्होंने फाइल आगे बढ़ाने और राशि जारी करने के बदले 8 हजार रुपये की मांग की।

शिकायत के बाद ACB ने रचा जाल

रिश्वत देने से इनकार करते हुए लाभुक ने धनबाद ACB कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को शिकायतकर्ता जैसे ही केमिकल लगे नोट लेकर पेटरवार प्रखंड कार्यालय पहुंचा और आरोपी को रुपये दिए, पहले से तैनात ACB टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

घूस की रकम जब्त, आरोपी को धनबाद ले गई टीम

कार्रवाई के दौरान ACB ने रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए धनबाद ले जाया गया। ACB की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने संतोष जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड कार्यालय में बिना पैसे दिए काम कराना मुश्किल हो गया था। ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई होने से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और आम लोगों का भरोसा बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें: सरायकेला के नए SP मनोज स्वर्गीयारी का बड़ा एक्शन प्लान, अपराध और ड्रग्स के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू

उपप्रमुख ने कहा- लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें

पेटरवार की उपप्रमुख सीमा देवी ने कहा कि प्रखंड कार्यालय में घूसखोरी की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। उन्होंने दावा किया कि कई बार संबंधित अधिकारी को इस तरह की गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई थी, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने ACB की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे भ्रष्ट कर्मियों को स्पष्ट संदेश जाएगा कि रिश्वतखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें